वेद गुप्ता
कानपुर। नगर निगम क्षेत्र में जलभराव और गंदगी की समस्या को लेकर शुक्रवार को बाबूपुरवा क्षेत्र के वार्ड-105 में पार्षद मेराज ने अनोखे अंदाज में विरोध प्रदर्शन किया। भीकम सिंह पार्क में लंबे समय से भरे गंदे पानी के बीच पार्षद लेट गए और जिम्मेदार विभागों के खिलाफ अपना आक्रोश जताया। उनके इस प्रदर्शन से मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
पार्षद मेराज का आरोप है कि वार्ड में जलभराव और गंदगी की समस्या लंबे समय से बनी हुई है। भीकम सिंह पार्क समेत आसपास के क्षेत्र में जलनिकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण बारिश का पानी जमा रहता है। गंदे पानी के चलते लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उनका कहना है कि समस्या को लेकर कई बार संबंधित अधिकारियों को अवगत कराया जा चुका है, लेकिन हर बार आश्वासन के बावजूद स्थायी समाधान नहीं हुआ।
अधिकारियों से मौके पर आने की मांग
प्रदर्शन के दौरान पार्षद ने मांग की कि नगर निगम के संबंधित अधिकारी मौके पर पहुंचकर जलभराव की स्थिति का जायजा लें और समस्या के स्थायी समाधान के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार करें। उन्होंने कहा कि केवल पानी निकालने या सफाई कराने से समस्या का समाधान नहीं होगा, बल्कि जलनिकासी की व्यवस्था दुरुस्त करनी होगी।
पार्षद ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं कराया गया तो वह आंदोलन को और तेज करेंगे। उनका कहना था कि क्षेत्रीय जनता को जलभराव और गंदगी के बीच रहने के लिए मजबूर नहीं किया जा सकता। जिम्मेदार विभागों को जनता की समस्या का तत्काल संज्ञान लेकर कार्रवाई करनी चाहिए।
