निशंक न्यूज
कानपुर। कल्याणपुर थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश ने देर रात खूनी मोड़ ले लिया। रिटायर्ड दरोगा के बेटे प्रदीप कुमार सिंह को कथित तौर पर फोन कर मिलने के बहाने बुलाया गया और फिर पेट में फायरिंग कर दी गई। गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे आनन-फानन में निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
मिली जानकारी के अनुसार आवास विकास-3 चौकी क्षेत्र स्थित गजानन स्कूल के पीछे पार्क में देर रात यह वारदात हुई। घायल प्रदीप कुमार सिंह का आरोप है कि पुरानी रंजिश के चलते उसे फोन कर बुलाया गया था। जैसे ही वह मौके पर पहुंचा, वहां पहले से मौजूद दीपक उपाध्याय, जितेंद्र शुक्ला और रोहित सिंह उर्फ बाबू ठाकुर समेत अन्य लोगों ने उसे घेर लिया और जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी।
अस्पताल में घायल की हालत गंभीर

गोली लगते ही प्रदीप लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। आसपास मौजूद लोगों और परिजनों की मदद से घायल को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। घायल के भाई संदीप सिंह ने कल्याणपुर थाने में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पीड़ित पक्ष का कहना है कि हमला पूरी तरह सुनियोजित था और पुरानी दुश्मनी के चलते अंजाम दिया गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि तहरीर और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोग आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग करते रहे।
तीन नामजद आरोपियों की तलाश में छापेमारी
कल्याणपुर के सहायक पुलिस आयुक्त दिलीप कुमार सिंह ने बताया कि थाना कल्याणपुर में वादी द्वारा सूचना दी गई कि उनके भाई को कुछ व्यक्तियों द्वारा गोली मार दी गई है। घायल का उपचार अस्पताल में चल रहा है। वादी से प्राप्त तहरीर के आधार पर तीन नामजद अभियुक्तों के विरुद्ध तत्काल अभियोग पंजीकृत किया गया है। अभियुक्तों की गिरफ्तारी हेतु पुलिस टीमों का गठन कर लगातार दबिश दी जा रही है तथा शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित करते हुए अग्रिम विधिक कार्यवाही की जाएगी।
