अनोखा अंदाज : कानपुर में क्वीर प्राइड परेड में नाचते-गाते और ढोल बजाते उठाईं अपनी मांगें

निशंक न्यूज नेटवर्क

कानपुर के फूलबाग मैदान में रविवार को ‘कानपुर क्वीर प्राइड परेड’ का आयोजन कानपुर क्वीर वेलफेयर फाउंडेशन द्वारा किया गया। इस रंगारंग कार्यक्रम में देश के विभिन्न राज्यों से आए ट्रांसजेंडर समुदाय के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया और नाच-गाकर समान अधिकारों और सम्मान की मांग को रेखांकित किया।

इस आयोजन की घोषणा फाउंडेशन के पदाधिकारियों ने शनिवार को कानपुर प्रेस क्लब में आयोजित एक प्रेस वार्ता में की थी। प्रेस कॉन्फ्रेंस को फाउंडेशन के संस्थापक अनुज पांडेय, राष्ट्रीय अध्यक्ष सलमा चौधरी, बिहार सरकार में दर्जा प्राप्त बिहार राज्य किन्नर समाज कल्याण मंत्री डॉ. राजन सिंह और सह-संस्थापक मोहम्मद एहसान अंसारी ने संबोधित किया था।

बिहार के मंत्री डॉ. राजन सिंह का कांग्रेस पर हमला

प्रेस वार्ता के दौरान बिहार सरकार के मंत्री डॉ. राजन सिंह ने वहाँ की सरकार पर ‘जंगलराज’ का आरोप लगाया और वर्तमान बिहार चुनाव में एनडीए की जीत का दावा किया। उन्होंने कांग्रेस पार्टी पर ट्रांसजेंडर समुदाय के वोटों की ‘चोरी’ का गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस के लंबे शासनकाल में समुदाय के हक़ों की अनदेखी की गई।

डॉ. सिंह ने कहा, “कांग्रेस के शासनकाल में जवाहरलाल नेहरू से लेकर इंदिरा गांधी और मनमोहन सिंह तक, सभी ने किन्नर समाज के हक़ और उनके वोट चोरी किए, जिसके चलते आज वह सत्ता से बाहर है। यह ट्रांसजेंडरों की बद्दुआ ही है कि आज कांग्रेस सत्ता से बाहर है। कांग्रेस ने अपने कार्यकाल में ट्रांसजेंडर समुदाय की अनदेखी की, जिसके कारण समुदाय आज भी मुख्यधारा में पिछड़ गया है।”

आरक्षण और समान अवसरों की मांग

फाउंडेशन की राष्ट्रीय सचिव सलमा चौधरी ने प्रधानमंत्री से एक महत्वपूर्ण मांग करते हुए कहा कि ट्रांसजेंडर समुदाय को जनसंख्या के आधार पर हर क्षेत्र में उचित आरक्षण दिया जाए। चाहे वह राजनीति हो, शिक्षा हो या फिर चिकित्सा और स्वास्थ्य का क्षेत्र। इससे उन्हें मुख्यधारा से जुड़कर अपनी प्रतिभा दिखाने और एक आम भारतीय नागरिक की तरह जीवन जीने का अवसर मिल सके।

आज के परेड कार्यक्रम में शामिल सभी ट्रांसजेंडर सदस्यों ने उम्मीद जताई कि सरकार उनकी मांगों को गंभीरता से सुनेगी और जल्द से जल्द उन्हें पूरा करने के लिए ठोस कदम उठाएगी। इस अवसर पर उन्होंने रंगीन परिधानों में सजधज कर, नाचते-गाते और खुशी का इजहार करते हुए एक जीवंत और सशक्त परेड का आयोजन किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *