निशंक न्यूज नेटवर्क
पटना। बिहार में नई सरकार की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं और नीतीश कुमार को जदयू विधायक दल का नेता चुना गया है। राज्यपाल उन्हें सरकार बनाने को आमंत्रित करेंगे और 20 नवंबर को 20 मंत्रियों के साथ नीतीश कुमार 10वीं बार सीएम पद की शपथ लेंगे। पटना के गांधी मैदान में आयोजित होने वाले शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा समेत कई दिग्गज नेता शामिल होंगे। गृह मंत्री और भाजपा अध्यक्ष देर शाम पटना पहुंच चुके हैं। जबकि प्रधानमंत्री का हेलीकाप्टर गुरुवार को गांधी मैदान में उतरेगा और यहां से वह सीधे मंच पर पहुंचेंगे।
सहयोगी दलों को भी मिलेगी जगह
सूत्रों के अनुसार नीतीश कुमार अपने साथ करीब 20 विधायकों को मंत्री पद की शपथ दिलाएंगे। इसमें जदयू से आठ, भाजपा से आठ, लोजपा से दो, हम से एक और रालोमो से एक विधायक शामिल हैं। जदयू में अधिकतर पुराने चेहरों को जगह दिये जाने की संभावना है। भाजपा अपने कई चेहरों को बदल रही है। भाजपा का अनुभवी विधायकों के साथ युवा और महिला विधायकों पर भी फोकस है। इनमें जिन नामों पर चर्चा है, उसमें सम्राट चौधरी, नितिन नवीन, विजय कुमार सिन्हा और नीतीश मिश्रा शामिल हैं। जेडीयू से विजय कुमार चौधरी, विजेंद्र यादव और श्रवण कुमार को भी मंत्री पद मिलने की संभावना है।
भाजपा के संभावित नाम
सम्राट चौधरी
विजय कुमार सिन्हा
प्रेम कुमार
कृष्ण कुमार ऋषि
राम कृपाल यादव
संगीता कुमारी
अरूण शंकर प्रसाद
मिथिलेश तिवारी
नीतिन नवीन
वीरेंद्र कुमार
रमा निषाद
मनोज शर्मा
कृष्ण कुमार मंटू
नयी कैबिनेट में संभावित मंत्री
नीतीश कुमार की नयी कैबिनेट में भाजपा की ओर से नये पुराने नामों को जगह देने की बात चल रही है। भाजपा की ओर से दो डिप्टी सीएम बनाये जाएंगे, जिसमें सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा को जिम्मेदारी सौंपने की चर्चा है। नीतिश मिश्रा और नीतिन नवीन का मंत्री बनना भी लगभग तय नजर आ रहा है। भाजपा कोटे से 8 मंत्रियों में प्रेम कुमार, रामकृपाल और रमा निषाद के नाम प्रमुख हैं। मिथिलेश तिवारी और कृष्ण कुमार ऋषि के नाम की भी चर्चा है।
जदयू के संभावित मंत्री
जदयू में पुराने चेहरे ही नजर आ सकते हैं, इसमें विजय कुमार चौधरी, अशोक चौधरी, श्रवण कुमार और विजेंद्र यादव के नाम तय माने जा रहे हैं। शीला मंडल और लेशी सिंह का मंत्री बनना भी लगभग तय है। नीतीश कुमार इस बार अपनी कैबिनेट में श्याम रजक को जगह दे सकते हैं। जदयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा के नाम की भी चर्चा है। अल्पसंख्यक से जमा खान के मंत्री बनने की बात कही जा रही है। नीतीश कुमार की इस कैबिनेट में जदयू का फोकस मुख्य रूप से अनुभव और युवा के समन्वय पर रहेगा।
पटना पहुंचे अमित शाह और JP नड्डा
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए गृह मंत्री अमित शाह और बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा बुधवार रात 9:30 बजे पटना पहुंच चुके हैं। वो एयरपोर्ट से सीधे पटना के मौर्या होटल के लिए रवाना हो गए। इसके बाद वह बीजेपी और जेडीयू के नेताओं से मुलाकात करेंगे और विभागों के बंटवारे को लेकर फाइनल मुहर लगा सकते हैं।
एमपी सीएम भी पहुंचे पटना
गृह मंत्री के पटना पहुंचने से पहले मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव भी पटना पहुंच चुके हैं। मीडिया से वार्ता उन्होंने कहा, “दिल्ली में मोदी सरकार है और बिहार में एनडीए सरकार है. मैं आज यहां आया हूं और कल शपथ ग्रहण समारोह के बाद यहां से चला जाऊंगा… मेरी तरफ से सभी को बधाई.”
PM मोदी की होगी ग्रैंड एंट्री
गुरुवार सुबह 11.30 बजे होने वाले शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए NDA शासित राज्यों के मुख्यमंत्री के अलावा करीब आधा दर्जन केंद्रीय मंत्री पटना के गांधी मैदान जाएंगे। इस दौरान प्रधानमंत्री की सुरक्षा को ध्यान में रखकर उनके हेलीकॉप्टर को सीधे गांधी मैदान में उतारा जाएगा। गांधी मैदान में हेलीकॉप्टर से उतरकर प्रधानमंत्री सीधे मंच पर जाएंगे, जहां नीतीश कुमार सीएम पद की शपथ लेंगे.
लंच के लिए राजभवन जाएंगे प्रधानमंत्री
गांधी मैदान में शपथ ग्रहण समारोह खत्म होने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दोपहर के लंच के लिए राजभवन रवाना होंगे। यहां उन्हें बिहार के पारंपरिक व्यंजनों- लिट्टी-चोखा, सिलाव का खाजा और पंतूआ के साथ कम मसाले वाली हरी सब्जियों के खास पकवान परोसा जाएगा। पीएम के लिए खास डाइट का भी इंतजाम किया गया है।
