निशंक न्यूज।
कानपुर देहात। पैसे के लेनदेन को लेकर हुए विवाद में एक फौजी ने कानपुर देहात के पुखराया क्षेत्र में एक दूकानदार को पीटकर अधमरा कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस पर भी फौजी ने हमला कर दिया। बाद में पुलिस ने हंगामा कर रहे फौजी तथा उसके साथी को गिरफ्तार कर लिया।
बताया गया है कि कानपुर देहात में पुखराया के पटेल चौक के पास स्थित एक रेडियम की दुकान पर शुक्रवार को एक फौजी पहुंचा। आरोप है कि फोजी ने शराब पी रखी थी। यहां एक दुकानदार से रेडियम लगाने के बाद पैसे लेन-देन की बात पर फोजी का विवाद हो गया। गुस्साए फौजी ने दुकानदार को पीटकर बेहोश कर दिया। झगड़े की सूचना पर पुलिस पहुंची और फौजी को समझाने का प्रयास किया तो फौजी ने पुलिस पर भी हमला किया। आरोपी फौजी व उसके एक साथी को गिरफ्तार किया गया।
घटना के संबंध में पुलिस सूत्रों का कहना है कि पुखरायां के सुखई तालाब के रहने वाले त्रिलोक कुमार की पटेल चौक एके रेडियम नाम से दुकान है। शुक्रवार दोपहर मूसानगर का रहने वाला सेना का जवान सुरजीत यादव बुलट में रेडियम लगवाने पहुंचा। दुकानदार का कहना है कि काम पूरा होने के बाद जब पैसे मांगे तो सुरजीत ने विवाद शुरू कर दिया। वह शराब के नशे में था। उसने त्रिलोक के सिर में लोहे की राख मार दी इससे वह बेहोश हो कर गिर गया। बाद में पुलिस ने फौजी को हिरासत में लेकर उसका मेडिकल परीक्षण कराया और फौजी सुरजीत यादव व उसके साथी प्रदीप यादव को गिरफ्तार कर लिया।
